20 जून 2020 - 17:39
ट्रम्प की बेटी इवांका का सऊदी पत्रकार जमाल ख़ाशुक़जी हत्याकांड से क्या है संबंध?

अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन ने अपनी किताब में रहस्योद्घाटन किया है कि ट्रम्प ने अपनी बेटी के ऊपर लग रहे आरोपों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए ख़ाशुक़जी हत्याकांड में शामिल सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान का बचाव किया था।

गौरतलब है कि 2 अक्तूबर 2018 को बिन सलमान विरोधी सऊदी पत्रकार ख़ाशुक़जी की इस्तांबुल स्थित सऊदी कांसुलेट में बहुत ही बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

तुर्की और अमरीकी ख़ुफ़िया अधिकारियों ने इस हत्या में सऊदी अधिकारियों विशेष रूप से क्राउन प्रिंस के शामिल होने का आरोप लगाया था, हालांकि ट्रम्प ने खुलकर बिन सलमान का बचाव किया था।

किसी समय ट्रम्प के बहुत ही नज़दीकी सहयोगी माने जाने वाले बोल्टन ने अब इस बचाव के कारणों से पर्दा उठाया है। उन्होंने लिखा है कि ट्रम्प ने सऊदी क्राउन प्रिंस के समर्थन में इसलिए विवादित बयान दिया था, ताकि इंवानका ट्रम्प पर लगने वाले आरोपों से लोगों का ध्यान हटा सकें।

ग़ौरतलब है कि ट्रम्प की बेटी इंवानका पर कि जो उनकी सलाहकार भी हैं, अपने निजी इमेल अकाउंट से व्हाइट हाउस के अधिकारियों को सैकड़ों मेल भेजकर देश का क़ानून तोड़ने का आरोप था।

बोल्टन का कहना था कि इंवानका के ख़िलाफ़ लगने वाले आरोपों से लोगों का ध्यान भटकाना राष्ट्रपति ट्रम्प के लिए इतना महत्वपूर्ण था कि उन्होंने सीआई द्वारा बिन सलमान को आरोपी बताने के बावजूद, उनका बचाव किया था।